BPSSC 2023 : बिहार पुलिस दारोगा के 1275 पद पर निकली वैकेंसी, तीन चरणों में होगी परीक्षा, इतनी सैलरी मिलेगी
Bihar Police Daroga Bharti 2023 : बिहार सरकार ने दारोगा के 1275 पदों पर भर्ती करने का एलान कर दिया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अभ्यर्थी 5 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। जिस वैकेंसी का वह लंबे अरसे से इंतजार कर रहे थे, उसका विज्ञापन जारी हो चुका है। बिहार सरकार ने दारोगा के 1275 पदों पर भर्ती करने का एलान कर दिया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अभ्यर्थी 5 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जेनरल के लिए 441, ईडब्ल्यूएस के लिए 111, एससी के लिए 275, एसटी के लिए 16, ओबीसी के लिए 107, ईबीसी के लिए 238, पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 82 और ट्रांसजेंडर के 5 पद रिजर्व किए गए हैं। BPSSC तीन चरण में परीक्षा लेगी। पहला पीटी, दूसरा मेंस और तीसरा फिजिकल एग्जाम। परीक्षा पास कर दारोगा बनने वाले अभ्यर्थियों को करीब 50 हजार रुपये प्रति माह सैलरी मिलेगी।
आवेदन करने वाले ध्यान दें...
BPSSC के अनुसार, भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। पुरुष, महिला एवं थर्ड जेन्डर आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता 01 अगस्त.2023 तक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक परीक्षा या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उम्र सीमा की गणना एक अगस्त के आधार पर की जायेगी। अनारक्षित (सामान्य) कोटि के पुरुषों के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 37 वर्ष तथा महिलाओं के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष। पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों एवं महिलाओं के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पुरुषों एवं महिलाओं तथा थर्ड जेंडर अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 42 वर्ष। "बिहार के वैसे सरकारी सेवकों को उच्चतर वेतनमान की सेवा/संवर्ग में जाने के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं में भाग लेने हेतु अधिकतम आयु सीमा में 05 वर्ष की छूट दी जाएगी, जिन्होंने नियमित सेवा में न्यूनतम तीन वर्षों की अवधि पूरी कर ली हो।
सभी पत्र बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होंगे
असैनिक पदों पर नियुक्ति हेतु भूतपूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में 03 वर्ष तथा प्रतिरक्षा सेवा में बिताई गई सेवा अवधि के योग के समतुल्य रियायत दी जाएगी। अभ्यर्थी की उम्र की गणना मैट्रिक अथवा समकक्ष परीक्षा के प्रमाण-पत्र में अंकित जन्म-तिथि के आधार पर की जायेगी। लिखित प्रतियोगिता परीक्षा में आवेदन-पत्रों के संग्रहण के उपरान्त आवेदन-पत्रों की संवीक्षा की जायेगी एवं जिन अभ्यर्थियों के आवेदन-पत्र सही पाये जायेंगे उनके लिए लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। लिखित परीक्षा दो चरणों में होगी यथा-प्रारम्भिक एवं मुख्य परीक्षा लिखित परीक्षा के सभी पत्र बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होंगे।
30 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले होंगे असफल
प्रथम चरण में प्रारम्भिक परीक्षा ली जाएगी। इसमें 200 अंकों का एक पत्र होगा जिसमें प्रश्नों की कुल संख्या 100 होगी एवं परीक्षा की अवधि 2 (दो) घंटे की होगी। उक्त पत्र में सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक मुद्दों से सम्बन्धित प्रश्न पूछे जायेंगे। इसमें 30 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए असफल घोषित किये जायेंगे। प्रारम्भिक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्तियों के 20 (बीस) गुणा सफल अभ्यर्थियों का चयन मेधा क्रमानुसार आरक्षण कोटिवार किया जायेगा। मुख्य लिखित परीक्षा हेतु अर्हता प्राप्त अभ्यर्थियों की पर्याप्त संख्या में अनुपलब्धता की दशा में उक्त अनुपात उपयुक्त रूप से कम किया जा सकेगा।
मेंस में दो पेपर होंगे, पहला सामान्य हिन्दी होगा
प्रारम्भिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य (मेंस) परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जायेगा। मुख्य परीक्षा में दो पत्र (पेपर) होंगे। प्रथम पत्र 200 अंकों का होगा। इसमें सामान्य हिन्दी के 100 प्रश्न होंगे एवं न्यूनतम अहर्ताक 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा अन्यथा उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जायेगा। सामान्य हिन्दी पत्र का प्राप्तांक मेघा निर्धारण में नहीं जोड़ा जायेगा। द्वितीय पत्र सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, नागरिक शास्त्र, भारतीय इतिहास, भारतीय भूगोल, गणित एवं मानसिक योग्यता जांच से सम्बन्धित होगा। द्वितीय पत्र का पूर्णांक 200 होगा जिसमें प्रश्नों की कुल संख्या 100 होगी एवं परीक्षा की अवधि 2 (दो) घंटे की होगी।
हर गलत उत्तर के लिए 0.2 अंक काटा जायेगा
दोनों चरणों की परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.2 अंक काटा जायेगा। उत्तर पुस्तिका दो प्रतियों में होगी, जिसकी एक प्रति आयोग के पास सुरक्षित रखी जायेगी। मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्तियों के 6 (छः) गुणा अभ्यर्थियों का चयन कोटिवार मेघानुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए किया जायेगा। अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में मात्र उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।