तीसरे चरण की हवा चौथे चरण तक पहुंचाने में जुटी भाजपा
पिछले दो चरणों के मुकाबले तीसरे चरण में अपेक्षानुरूप प्रदर्शन से बनी हवा को भाजपा ने अब चौथे और पांचवें चरण में भुनाने को लेकर काम करना शुरू कर दिया है।
भाजपा के रणनीतिकार तीसरे चरण में मिली बढ़त को चौथे और पांचवें चरण में न केवल बरकरार रखना चाहते हैं, बल्कि अंकों के फासले भी बढ़ाने की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।
अगले दो चरणों में भाजपा ने नए मुद्दों और रणनीति के साथ मैदान में आने का फैसला किया है। बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर भाजपा न केवल राजद को घेरने की रणनीति तैयार कर रही है, बल्कि इस मामले पर कांग्रेस से भी दो-दो हाथ करने की पूरी तैयारी हो रही है।
मोदी करेंगे सामाजिक न्याय पर फोकस
बेतिया से फारबिसगंज तक के बंद कारखाने भाजपा के नए हथियार होंगे। इसके साथ ही मंडल आयोग की रिपोर्ट को भी नए परिपेक्ष में परिभाषित करने की कोशिश हो रही है।
सूत्रों की मानें तो अगले दो चरणों में भाजपा खासकर मोदी के भाषणों में विकास का मुद्दा रोजगार और पलायन से होकर बाहर आएगा और इस मोर्चे पर सामाजिक न्याय की एक नई परिभाषा जनता के सामने रखी जाएगी।
दरअसल भाजपा जाति की नाव पर सवार होकर मंडल के उस इलाके में विकास के मुद्दे को भुनाने की कोशिश करेगी, जो अब तक मंडल को आरक्षण का नायक मानता रहा है।