छठ पर रेलवे का तोहफा: बिलासपुर से छपरा के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन; जानें तारीख और टाइमिंग
छठ पूजा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिलासपुर और छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 14, 15, 21 और 22 नवंबर को दोनों दिशाओं में कुल चार फेरे लगाएगी।
विस्तार
छठ पूजा के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिलासपुर और छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष ट्रेन के परिचालन से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बिहार आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन में यात्रियों के लिए सामान्य, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को बिलासपुर से शाम 6 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन यानी रविवार को दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
बिलासपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया होते हुए कटनी जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद मैहर, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज छिवकी के रास्ते वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी जंक्शन पर ट्रेन सुबह 9:15 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 9:20 बजे रवाना होगी।
आगे जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया होते हुए ट्रेन दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी। इस रूट पर बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
छपरा से शाम 5:25 बजे खुलेगी वापसी ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर को प्रत्येक रविवार को छपरा से शाम 5:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बलिया, गाजीपुर सिटी, औड़िहार, जौनपुर और वाराणसी होते हुए प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। इसके बाद मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और पेंड्रा रोड होते हुए अगले दिन दोपहर 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इस तरह दोनों दिशाओं में निर्धारित तिथियों पर कुल चार फेरों का परिचालन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार: दीपावली की रौनक के बाद अब छठी मइया के गीतों की गूंज, जानें गोवर्धन और चित्रगुप्त पूजा की तारीख
21 कोच के साथ चलेगी विशेष ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी कोच संरचना के अनुसार, इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक पावर कार, एक एसएलआरडी, चार सामान्य श्रेणी, सात शयनयान श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के परिचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस अथवा रेलवन ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें।