BPSC Result: सप्लीमेंट्री रिजल्ट देने की मांग लेकर भाजपा ऑफिस पहुंचे शिक्षक अभ्यर्थी, पुलिस ने जबरन भगाया
शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि नई सरकार बन गई तो अभ्यर्थियों को विश्वास था कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा ली गई शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण की परीक्षा का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। लेकिन, ऐसा नहीं किया गया।
विस्तार
शिक्षक अभ्यर्थियों ने वीर चंद्र पटेल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। कुछ अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर भाजपा कार्यालय गए लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन भगा दिया। छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि एनडीए सरकार बनने के बाद उम्मीद जगी थी कि एक समय में विपक्ष में बैठकर उनका समर्थन करती भाजपा उनका साथ देगी। भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने उस वक्त उनका समर्थन किया था। सप्लीमेंट्री रिजल्ट के मांग पर उनका साथ देने का वादा किया था। नई सरकार बन गई तो अभ्यर्थियों को विश्वास था कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा ली गई शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण की परीक्षा का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। लेकिन, ऐसा नहीं किया गया।
खाली पड़े सीट पर सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करे सरकार
अभ्यर्थियों का कहना है कि भाजपा सरकार से अपील है कि वह अभ्यर्थियों की मांग को गंभीरता से लें। सैकड़ों अभ्यर्थी ऐसे हैं जो महज एक या दो नंबर से पीछे रह गए हैं। बिहार सरकार अगस्त में होने वाली तीसरे चरण की परीक्षा की तैयारी अभी ही शुरू कर दी है। इससे बेहतर होगा कि शिक्षक भर्ती के पहले और दूसरे चरण में खाली सीटों को सप्लीमेंट्री रिजल्ट के जरिए भरा जाए। इसके बाद नई वैकेंसी दे। इससे कई अभ्यर्थियों को भविष्य बर्बाद होने से बच जाएगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि हमलोग भाजपा कार्यालय में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने हमलोगों को जबरन भगा दिया।
बनारस से आई महिला शिक्षक अभ्यर्थी ने कहा कि हमलोग सप्लीमेंट्री रिजल्ट लेने आए थे। 14762 पद पर रिजल्ट देने में इनको 10 बार लाठियां चलवाई पड़ रही है। कार्यालय से बाहर भगाना पड़ रहा है। यहां कोई भीख नहीं मांग रहा है। जिसका एक नंबर से रिजल्ट नहीं आया, वह सप्लीमेंट्री रिजल्ट मांग रहा है। हमारे साथ अन्याय किया जा रहा है। हमलोग भाजपा कार्यालय के अंदर मिलने गए। हमलोगों सुशील मोदी से मिलना चाहते हैं क्यों कि वह जब विपक्ष में थे तो 40 हजार सप्लीमेंट्री रिजल्ट की बात कर रहे थे। अब तो वह सरकार में है तो 14762 पद सप्लीमेंट्री रिजल्ट दे।