Bihar News : प्रधानमंत्री करेंगे बिहार के वीर बालक को सम्मानित, नदी में डूब रहे तीन बच्चों की बचाई थी जान
Bihar : बिहार के एक बच्चे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न सिर्फ सम्मानित करेंगे, बल्कि उससे बातचीत भी करेंगे। वह उम्र में भले ही महज दस का है, लेकिन हौसला इतना बड़ा कि उसके साहस की चर्चा आज पूरे प्रदेश में है।
विस्तार
बिहार के एक बच्चे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मानित करेंगे, क्यों कि उन बच्चे का नाम प्रधानमंत्री राष्ट्रीय वीर बालक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। वह वीर बालक
शेखपुरा जिले के शेखपुरसराय प्रखंड अंतर्गत बेलाव पंचायत के किशनपुर गांव निवासी पिंटू राउत का पुत्र सौरभ कुमार (10) है। यह पुरस्कार उन्हें 26 दिसंबर 2024 को नयी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में वीर बालक दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रदान किया जाएगा। सौरभ कुमार शेखोपुरसराय प्रखंड स्थित बेलाव पंचायत के किशनपुर गांव के रहने वाले हैं। सौरव इसी वर्ष अपने गांव के तालाब में डूब रहे तीन बच्चों की अपनी जान जोखिम में डालकर बचाई थी। इस कार्य के लिए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय वीर बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।
गांव के तालाब में डूब रहे तीन बच्चों की बचाई थी जान
बालक सौरभ की बहादुरी की जानकारी मिलते ही 10 अगस्त को जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता श्रीनिवास अपने कार्यालय में बुलाकर उसे पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय वीर बाल पुरस्कार के लिए उनके नाम की अनुशंसा भी की। जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक स्वेता कौर के पत्र पर तत्कालीन जिलाधिकारी जे प्रियदर्शनी ने 15 अगस्त की झंडा मैदान में भी सौरव को सम्मानित किया था। जिला बाल संरक्षण इकाई का प्रयास का परिणाम यह रहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सौरभ को वीर बाल दिवस पर सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सौरभ से संवाद भी करेंगे। साथ ही वीर बाल दिवस पर देश के बच्चों को संबोधित भी करेंगे।
डीएम ने दी अग्रिम बधाई
नई दिल्ली रवाना होने से पहले जिला पदाधिकारी आरिफ अहसन ने सौरभ कुमार एवं उनके परिजन से मिलकर उनकी बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उन्हें अग्रिम बधाई दी। उन्होंने इस अवसर पर उनके इस उपलब्धि को जिला के लिए एक बड़ी उपलब्धि और जिलवासियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया।
सौरभ कुमार ने लिया था तैराकी का प्रशिक्षण
परिजनों का कहना है कि पिछले वर्ष 2023 में शेखपुरा में जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के द्वारा जिला के तीन प्रखंडों में "सुरक्षित तैराकी" कार्यक्रम के तहत शेखपुरा, घाटकुसुंभा एवं शेखोपुरसराय प्रखंड में 06 वर्ष से लेकर 18 वर्ष के 300-300 बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण करवाया गया था, जिसमें सौरभ कुमार ने भी तैराकी का प्रशिक्षण प्राप्त किया था।