Bihar News : एके47 बरामदगी के बाद अब मुजफ्फरपुर-वैशाली में पांच जगहों पर एनआईए का धावा; किसके घर हो रही जांच?
NIA in Muzaffarpur-Vaishali : राष्ट्रीय जांच एजेंसी की चार टीमों ने बुधवार सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर और वैशाली में धावा बोलकर हड़कंप मचा दिया। अबतक जानकारी सामने आ रही है कि एके47 बरामदगी केस में तीन जगहों पर जांच हुई है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, मोतिहारी, सारण और गोपालगंज जिले में पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने धावा बोला। मुजफ्फरपुर के मनकौली गांव के मुखिया व राजद नेता नंद किशोर यादव के घर से टीम ने 11 लाख 19 हजार कैश, आईफोन, पेन ड्राइव और पासबुक जब्त किए। इधर, वैशाली मुख्यालय हाजीपुर में दो जगह पर NIA की टीम छापेमारी की। इसके अलावा महुआ थाना क्षेत्र में भी टीम ने धावा बोला। कई गाड़ियों से NIA की टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया है। हाजीपुर के SDO रोड स्थित एक अधिवक्ता मकान में छापेमारी की गई। बागमाली में कृष्णापुरी मोहल्ला में भी जांच चल रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक-47 और जमीन से जुड़े मामले में यह जांच चल रही है। यह छापेमारी बिहार, नगालैंड, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चली।
वैशाली जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था
बुधवार की सुबह लगभग चार बजे NIA टीम पहुंची थी। इसके बाद वैशाली एसपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीम बनाई गई थी। एनआईए की टीम के साथ पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर लगभग चार घंटे तक जांच-पड़ताल की। अधिवक्ता के परिवार वालों के मुताबिक घर से कुछ भी नहीं बरामद हुआ है। जांच टीम मीडिया से बिना बात किए वापस लौट गई। अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा के भाई की हत्या हुई थी। बताया गया कि अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा की जमीन से जुड़े मामले को लेकर छापेमारी की गई है। उधर, हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के बाघ मली में सत्यम कुमार के घर पर एक-47 से जुड़े मामले में जांच-पड़ताल की गई। एक महीना पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने एके-47 बरामद करते हुए वैशाली जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि उसी एके-47 के मामले को लेकर वैशाली में यह जांच हुई। उधर, वैशाली जिले के ही महुआ थाना क्षेत्र गौसपुर चकमजाहीद के जय किशुन राय के घर पर छापेमारी हुई है।
मुजफ्फरपुर में भी एनआईए की टीम पहुंची। मुखिया नंदकुमार राय उर्फ भोला राय के आवास पर एनआईए की छापेमारी से हड़कंप मच गया। जिले के कुढनी प्रखंड के फाकुली थाना क्षेत्र इलाके के मलकौनी गांव में यह छापेमारी एके-47 बरामदगी से जुड़ी है। मुखिया पुत्र के पास पिछले महीने अत्याधुनिक हथियार AK-47 बरामदग किया गया था। करीब आठ घंटे तक पूछताछ चली है। मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में तीन कोठिया क्षेत्र में एनआईए की टीम बबलू खान के घर पर जांच-पड़ताल किया। हथियार तस्कर बबलू खान अभी फरार चल रहा है और उसकी पत्नी पूर्व में आर्म्स एक्ट में जेल जा चुकी है। एनआईए ने पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बबलू खान के घर में ताला तोड़कर जांच-पड़ताल शुरू की।