Bihar : पटना में दिनदहाड़े 14 लाख की लूट, बैंक में घुसे अपराधी, कर्मचारियों को बाथरूम में बंदकर कैश लूटा
Patna Crime News : लूटपाट की घटना के बाद पुलिस ने बिहटा मार्ग के सभी रास्तों को सील कर दिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। साथ ही बैंक के प्रबंधक और कर्मचारियों से भी पूछा कर रही है।
विस्तार
पटना के बिहटा मनेर रोड स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में अपराधियों ने हथियार के बल पर दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को हथियारबंद अपराधी बैंक में घुस आए और बैंक के सभी कर्मचारियों को बाथरूम में बंदकर जमकर लूटपाट की। अपराधियों ने हथियार के बल पर महज छह मिनट के अंदर पूरी वारदात को अंजाम दिया। 14 लाख कैश लेकर पांचों अपराधी वहां से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की पुष्टि बिहटा थाना प्रभारी ने की है।
बिहटा रोड को सील कर पुलिस ने कर दिया छापेमारी
बताया जा रहा है कि इस घटना में अपराधियों ने लगभग 14 लाख रुपए के नगद रुपए लूटकर फरार हो गए। इस मामले में बिहटा थाना प्रभारी ने बताया कि लूट की घटना हुई है। कितने रुपए की लूट हुई है? इस सवाल पर उन्होंने बताया कि अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है। राशि का आकलन किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने बिहटा मार्ग के सभी रास्तों को सील कर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल कायम है।
छह मिनट के अंदर 14 लाख कैश ले उड़े
बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की अवकाश के बाद सोमवार को बिहटा थाना क्षेत्र के बिहटा मनेर रोड स्थित गोकलपुर गांव में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खुलते ही लगभग आधा दर्जन नकाबपोश हथियार बैंक में घुस आये। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने बैंक के सभी कर्मचारियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान अपराधियों ने सभी कर्मचारियों को बैंक में स्थित एक बाथरूम में बंद कर दिया। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी ने कोई आवाज या हल्ला करने की कोशिश की तो गोली मार दिया जाएगा। इसके बाद महज छह मिनट के अंदर ही दो दिनों के कलेक्शन का पैसा लगभग 14 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना से पहले अपराधियों ने बैंक में उपस्थित गार्ड को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और बैंक के स्ट्रांग रूम की चाबी छीन कर जबरन पैसा निकाल लिया।
घटना के वक्त बैंक में नहीं थे प्रबंधक
बताया जा रहा है कि बैंक के प्रबंधक घटना के वक्त बैंक में नहीं थे। वह किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए थे। घटना के बाद कर्मचारियों ने घटना की सूचना फोन के द्वारा उन्हें दिया। बैंक के आसपास जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरू किया, तो बताया गया कि बैंक किसी दूसरे जगह से अभी कुछ दिन पूर्व वहां पर शिफ्ट किया गया है। इस कारण बैंक के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पंकज कुमार और थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।