Bihar News: पटना पुलिस पर शराब तस्करों ने किया हमला, दो दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
Patna Police: पुलिस जब गांव में पहुंची, तो घात लगाए शराब तस्करों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में दोनों एसआई, एएसआई और कुछ सिपाही घायल हो गए। इतना ही नहीं, शराब तस्करों ने पुलिस की जीपों को भी निशाना बनाया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी पटना में एक बार फिर से शराब माफियाओं का आतंक देखने को मिला है। रानी तलाब थाना क्षेत्र के राघोपुर मुसहरी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर शराब तस्करों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो एसआई और तीन सिपाही घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अपर थाना प्रभारी शिव शंकर कुमार, एसआई मदन झा, एएसआई शिव कुमार राम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राघोपुर मुसहरी गांव में अवैध शराब बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही रानी तलाब थाना के प्रभारी प्रमोद कुमार ने दो एसआई और एक एएसआई सहित कई पुलिसकर्मियों को उस स्थान पर भेजा।
शराब तस्करों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया
बताया जा रहा है कि पुलिस जब गांव में पहुंची, तो घात लगाए शराब तस्करों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में दोनों एसआई, एएसआई और कुछ सिपाही घायल हो गए। इतना ही नहीं, शराब तस्करों ने पुलिस की जीपों को भी निशाना बनाया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले के बाद, सभी पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल हुए। घटना की जानकारी मिलने के बाद विक्रम थाना और दुल्हन बाजार थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और तस्करों के खिलाफ छापेमारी शुरू की।
जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
रानी तलाब थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि की और कहा कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि फुटेज के आधार पर जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।