Bihar News : पड़ोसी के घर से मेहंदी लाने गयी बच्ची की तीन दिन बाद मिली लाश, उसके साथ जो हुआ बयां नहीं कर सकते
Bihar News : बेगूसराय में दस वर्ष की बच्ची मेहंदी लाने घर से निकली थी और तीन दिन के बाद उसकी लाश मिली। लेकिन इससे पहले उसके साथ जो कुछ हुआ वह काफी खौफनाक था। अमर उजाला वह पूरी कहानी बता रहा।
विस्तार
बेगूसराय में दस वर्ष की बच्ची अपने घर से निकलकर पड़ोसी के घर मेहंदी तोड़ने निकली थी और फिर वह गायब हो गई। तीन दिन के बाद उसकी लाश उसी घर के बेसमेंट से बरामद हुई। लेकिन उसकी हत्या के पहले उसके साथ जो कुछ हुआ वह काफी खौफनाक था। संदेह के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ऐसे हुई गायब
घटना बछवारा थाना क्षेत्र की है। मृत बच्ची की मां का कहना है कि 24 जुलाई को 11 बजे दिन में बच्ची सुदीप कुमार सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह के कैंपस में मेंहदी तोड़ने गई थी। तभी से वह गायब हो गई। परिजन जब गुड्डू सिंह से पूछने गए तो आरोपी गुड्डू सिंह हंसते हुए कहा कि मेंहदी तोड़ने आई थी लेकिन फिर कहां गई, मुझे नहीं मालूम।
ऐसे गहराया शक
परिजनों का कहना है कि जब हमलोग अपनी बेटी को खोजने गुड्डू सिंह के कैंपस में गये तो मेहंदी के पेड़ के पास एक पॉलीथिन गिरा हुआ था और साथ ही मेहंदी के ताजे पत्ते बिखरे पड़े थे। लेकिन वहां मेरी बेटी नहीं थी। शाम तक खोजबीन करने के बाद परिजनों ने 25 जुलाई को बछवाड़ा थाने में आवेदन देते हुए इस बात की शिकायत की। परिजनों का कहना है कि जब हमलोगों ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया तब पुलिस ने नौकर महेश और गुड्डू सिंह के भतीजे ओम कुमार को हिरासत में लेकर गई और फिर उसे पुलिस ने छोड़ दिया।
मेंहदी ने खोला राज
पीड़िता की मां का कहना है कि बछवाडा थाना के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर उनलोगों ने एसपी से गुहार लगाई। फिर बेगूसराय एसपी इस मामले की जांच के लिए खुद घटनास्थल पर पहुंचे। जब एसपी ने नौकर महेश और गुड्डू सिंह के भतीजे ओम कुमार से अलग अलग सख्ती से पूछताछ किया तो नौकर महेश ने बताया कि हां, मैंने लड़की को देखा था। लड़की सुंदर थी। वह हरे रंग की टी-शर्ट और ब्लू पेंट (अंडर गारमेंट) में थी। बस इसी बात पर पुलिस ने उसे दबोच लिया और फिर पाप की सारी कहानी सबके सामने आ गई।
रेप करने वालों में एक छात्र भी शामिल
पुलिस की सख्ती के कारण अब तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं जिन्होंने इस कुकृत्य को अंजाम दिया है। मुख्य आरोपी उसका पड़ोसी सुदीप कुमार सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह (48), गुड्डू सिंह का नौकर महेश (20) और भतीजा ओम कुमार (18 ) है। पीड़िता की मां का कहना है कि इस मामले में पूर्व मुखिया राकेश कुमार भी शामिल है जो अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को किया बरामद
तीनों ने अपने गुनाह कबूल किए और यह स्वीकार किया कि मेहंदी तोड़ने आई दस वर्षीय बच्ची के साथ तीनों ने पहले गैंगरेप किया और फिर उनलोगों ने घर के बेसमेंट में दस फीट जमीन के अंदर दफ़न कर दिया। शव को गुरुवार देर रात बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उसी समय शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
आरोपी के किला पर चले बुलडोजर
पीड़िता की मां का कहना है कि सुदीप कुमार सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह पहले से ऐसे कई कारनामे कर चुका है लेकिन उसकी दबंगता की वजह से कोई कुछ बोल नहीं पाता है। मेरी बेटी के साथ घिनौने अपराध में शामिल सुदीप कुमार सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह (48), गुड्डू सिंह का नौकर महेश (20) और भतीजा ओम कुमार (18) और पूर्व मुखिया राकेश सिंह को फांसी की सजा हो। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि सुदीप कुमार सिंह उर्फ़ गुड्डू सिंह के घर को बुलडोजर से ढाह दे। इस पूरी घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
इधर, बच्ची की लाश मिलने के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है। इस घटना में आक्रोशित लोगों ने घर पर चढ़कर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मौका-ए-वारदात पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया।