{"_id":"661f964550a86bfd49016ed1","slug":"bihar-news-chirag-paswan-reaction-on-abusive-language-before-tejashwi-yadav-in-lok-sabha-election-2024-2024-04-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Interview : चिराग पासवान बोले- तेजस्वी यादव से दु:खी हूं, मेरे सामने उनकी मां-बहन को कोई गाली नहीं दे सकता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Interview : चिराग पासवान बोले- तेजस्वी यादव से दु:खी हूं, मेरे सामने उनकी मां-बहन को कोई गाली नहीं दे सकता
Wed, 17 Apr 2024 02:58 PM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमुई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमुई
Published by: आदित्य आनंद
Updated Wed, 17 Apr 2024 02:58 PM IST
सार
Lok Sabha Election 2024 : 'अमर उजाला' ने जमुई में एक वायरल वीडियो से तूफान उठने की खबर सामने लायी थी। चिराग पासवान ने उस वीडियो पर दु:ख जताते हुए कहा कि तेजस्वी से यह उम्मीद नहीं थी। क्या हुआ था और क्या बात हुई, पूरी बात पढ़ें।
विज्ञापन
चिराग पासवान।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार थमने से पहले मंगलवार को जमुई में एक वीडियो वायरल हुआ और इसने पूरी राजनीति में तूफान ला दिया। 'अमर उजाला' ने उस वीडियो और उसके प्रभाव को अपनी खबर के जरिए सुबह बताया था। अब जमुई के सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने इस वीडियो और लोकसभा चुनाव पर 'अमर उजाला' से लंबी बातचीत की। इस बातचीत में चिराग ने बताया कि वह तेजस्वी यादव से दु:खी हैं। उन्होंने राजद की महिला प्रत्याशी और तेजस्वी यादव के रुख पर भी बात की। चिराग ने युवाओं की मांग से लेकर जमुई की जरूरतों पर भी खुलकर बात की।
विज्ञापन
विज्ञापन
वायरल वीडियो पर चिराग पासवान ने कहा कि उस मंच पर मेरे छोटे भाई तेजस्वी यादव खड़े थे। तेजस्वी से मेरा रिश्ता काफी पुराना है। हम दोनों अलग-अलग राजनीतिक खेमे में हैं लेकिन इस कारण हमलोग एक-दूसरे के परिवार को गाली तो नहीं देंगे न। उस मंच पर तेजस्वी यादव मौजूद थे, उनके सामने जिस तरह मेरे परिवार को गाली दी गई। मेरी मां और मेरी बहन के बारे में टिप्पणी की गईं यह काफी दुखद है। मैं ईमानीदार से कहता हूं कि मेरे सामने तेजस्वी यादव के परिवार के खिलाफ कोई कुछ बोलेगा तो मैं उसका मुंह तोड़ जवाब दूंगा। मैं नहीं बर्दाश्त करुंगा। मेरी राजनीति एक तरफ है लेकिन वह मेरे परिवार हैं। लालू जी मेरे पिता के समकक्ष रहे हैं। उनके साथ उन्होंने काम किया है। दोनों परिवार के साथ आपस में गहरा संबंध रहा है।
विज्ञापन
90 के दशक मां-बहनों को गाली दी जाती थी
तेजस्वी यादव ने कई बार मर्यादा को तोड़ा। मेरे जीजा जी के बारे में बहुत कुछ बोला। मैंने तब भी कहा कि वह मेरे ही नहीं तेजस्वी के भी जीजा हैं। मैं मीसा दीदी के परिवार के लोगों को उसी रिश्ते से बुलाता हूं जिस रिश्ते से तेजस्वी या तेज प्रताप बुलाते हैं। मैं दुखी हूं। तेजस्वी के सामने इस तरह की घटना हुई। यह घटना उसी जंगल राज की याद दिलाती है। 90 के दशक मां-बहनों को गाली दी जाती थी। आप अगर उस छवि से निकलने की कोशिश कर रहे हैं तो आपके स्टैंड लेना चाहिए। आप तो वह हैं जिन्होंने 2020 के चुनाव अपने पिता तक की तस्वीर हटा दी थी। क्यों आपको छवि सुधारनी थी। मंच पर महिला प्रत्याशी भी थीं। उनके सामने जिस तरह से गाली-गलौज किया यह गलत हुआ। आप भी किसी की बहन और बेटी हैं। ऐसे में एक महिला होने के नाते एक महिला को आपके सामने गाली दी जाती है तो आप कैसे चुप रह गईं। मुझे पीड़ा होती है कि मेरे परिवार के लोग के सामने मेरे परिवार को गाली दी गई।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, जमुई में तेजस्वी यादव की जनसभा का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेजस्वी यादव जनसभा को संबोधित करने के लिए माइक पर हैं। उनके बगल में जमुई की राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी अर्चना रविदास खड़ी हैं। और, मंच के ठीक सामने राजद की महिला प्रत्याशी के आगे चिराग पासवान और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं। एक बार नहीं, बार-बार। राजद समर्थक यह अपशब्द बोल रहे हैं और सामने राजद के पूर्व विधायक विजय कुमार को संबोधित करते हुए जीत का दावा कर रहे हैं। यह वीडियो मंगलवार का नहीं, लेकिन इसने मंगलवार से जैसे तूफान मचा दिया है। इस वीडियो के साथ लोग लिखकर वायरल कर रहे हैं कि जीतने के पहले यह हाल है, जीत गई तो क्या होगा?