Bihar : नालंदा में किताब-कॉपी दुकान में फिर से भीषण अगलगी, 4 दिन पहले उपद्रवियों ने लगाई थी आग
नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र के गगनदीवान में 31 मार्च को जिस कॉपी-किताब के होलसेल दुकान में आग लगाई गई थी, वहां एक बार फिर से आग सुलग गई। लोग जब तक पहुंचते पूरी दुकान को आग ने अपने जद में ले लिया। आग की तेज लपटें देख इलाके में हड़कंप मच गया।
विस्तार
4 दिन बाद फिर से किताब दुकान में आग की बात से लोग दंग हैं। कुछ लोग से उपद्रवियों की साजिश बता रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि आशंका है कि 31 मार्च को लगी आग पूरी तरह से बुझ नहीं पाई। इस कारण धीरे-धीरे सुलग रही आग की लटपें तेज हो गई। इधर, आग की तेज लपटें और धुंआ देख वरीय अधिकारी के निर्देश पर काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। पुलिस का कहना है कि आग खुद से लगने की बात सामने आ रही है। पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है, इसलिए किसी तरह की उपद्रव नहीं हो सकती। इलाके में हालात नियंत्रण में है।
31 मार्च को हुआ था उपद्रव
बता दें कि 31 मार्च को रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ था। दोनों ओर से पथराव हुआ था। इसके बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया था। शनिवार रात फिर से विवाद बढ़ गया। असामाजिक तत्वों ने जमकर गोलीबारी की। इसमें एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया था। रविवार को सुरक्षा बल की अतिरिक्त कंपनी आई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपद्रवियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। रविवार रात में DGP आरएस भट्ठी खुद नालंदा पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। सोमवार को अब तक उपद्रव की कोई सूचना नहीं मिली है। इलाके में हालात सामान्य हो रहे हैं।