शराब पीकर नीतीश को कोसते दिखे जेडीयू के पूर्व विधायक, गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में बेशक शराब बैन करके नीतीश कुमार देशभर में इसे लागू करने की मांग कर रहे हों लेकिन उनके ही राज्य में उनके पुराने साथी उनकी इस मुहिम को झटका देने में लगे हुए हैं। नीतीश की पार्टी जेडीयू के एक पूर्व विधायक तो खुलेआम शराब पीते हुए कैमरे में कैद हो गए।
इतना ही नहीं वह शराब पीने के साथ साथ इसे बैन करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कोस रहे थे। विधायक जी की यह करतूत मीडिया में आते ही सरकार ने उनके खिलाफ एक्शन ले लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला औरंगाबाद जिले का है, जहां पूर्व जेडीयू विधायक लल्लन राम एक निजी टीवी चैनल के स्टिंग में शराब बैन को फालतू कहते दिख रहे हैं। लल्लन राम औरंगाबाद के कुटुंबा से 2010 से 2015 तक विधायक रहे हैं। इस बार उनका टिकट कट गया था।
सोशल मीडिया में वायरल हुई तस्वीरें, हरकत में आई पुलिस
स्टिंग में वह अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर शराब के जाम टकरा रहे हैं। इसी दौरान उनसे शराब बैन को लेकर कोई सवाल पूछा गया तो उनका कहना था ये फालतू का काम है, मुख्यमंत्री अब इसे झारखंड में भी अमल करवाना चाहते हैं। पूर्व विधायक की यह तस्वीरें जल्द ही सोशल मीडिया में भी वायरल हो गई।
जिसके बाद उनके खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लल्लन राम सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड के ऐसे दूसरे नेता हैं जिन्हें शराब के चलते जेल हुई है। इससे पहले एमएलसी मनोरमा देवी भी शराब रखने के आरोप में जेल जा चुकी हैं।
हालांकि बाद में उन्हें हाइकोर्ट से जमानत मिल गई थी। बता दें कि एक अप्रैल से बिहार में पूर्ण शराबबंदी का नियम लागू कर दिया गया है। जिसमें शराब पीने और बेचने के अलावा शराब रखना भी अपराध बन गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे राज्य में कड़ाई से शराबबंदी का नियम लागू करवाना चाहते हैं इसलिए कानून में संसोधन कर इतने कड़े नियम लागू किए गए हैं।