बिहार: वीर कुंवर सिंह की कर्मभूमि जगदीशपुर पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, किला-संग्रहालय का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भोजपुर के जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह किला-संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित कर 80 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
विस्तार
1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की ऐतिहासिक कर्मभूमि जगदीशपुर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे को लेकर चर्चा में रही। मुख्यमंत्री ने वीर कुंवर सिंह किला-संग्रहालय का भ्रमण किया और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में बाबू वीर कुंवर सिंह की 80 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के किला परिसर पहुंचने पर किन्नर समुदाय के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इसके बाद तिलक लगाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने किला-संग्रहालय में वीर कुंवर सिंह के जीवन, उनके शौर्य, संघर्ष और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों, कलाकृतियों और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया।
पढे़ं: अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीतीश कुमार ने नीरज को दिया टिकट, जदयू की सूची में किसका नाम?
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर स्थित झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद वहां बाबू वीर कुंवर सिंह की 80 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस विशाल प्रतिमा के जरिए नई पीढ़ी को वीर कुंवर सिंह के शौर्य, पराक्रम और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित कराने की पहल की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वीर कुंवर सिंह ने 80 वर्ष की उम्र में 1857 के विद्रोह के दौरान अंग्रेजी सेना के खिलाफ मोर्चा संभाला था। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर किला परिसर में पहले से ही साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम कराया गया था।
वहीं, जगदीशपुर किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करने को लेकर भी चर्चा हुई। किले के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आसपास के क्षेत्रों को विकसित कर इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के नक्शे पर और प्रमुखता से लाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वीर कुंवर सिंह से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और उसे व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।