प्रचार के बल पर जीवित है भाजपा : नीतीश कुमार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे तौर पर सोमवार को भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रचार के बल पर जीवित है और बिहार इकाई के नेताओं ने चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फजीहत करा दी।
जदयू के खुला राष्ट्रीय अधिवेशन में नीतीश ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में कोई दम नहीं है, वह केवल प्रचार पर जिंदा है। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार भाजपा के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनाव में हर दिन कार्यक्रम करा कर फजीहत कराई है। हम प्रचार वाले नहीं हैं। हमारे पास इसके लिए वक्त भी नहीं है। आजादी के बाद देश के हालात सबसे अधिक खराब हैं। दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। बेरोजगारी बढ़ रही है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य में मुनाफा जोड़कर देने का वायदा अब तक पूरा नहीं हुआ है। आज मझोले किसानों की आमदनी भी देश में न्यूनतम मजदूरी से कम है। आज आजादी के मूल्यों पर संकट खड़ा हो गया है। जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने के लिए भावनात्मक मुद्दे उभारे जा रहे हैं। वाजपेयी, आडवाणी और जार्ज ने जो सिद्धांत तैयार किये थे उसे कूड़ेदान में फेंक दिया गया।
धारा 370, समान नागरिक संहिता और राम मंदिर मुद्दे को फिर से उभारा जा रहा है। दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश हो रही है। जो भगवा के पक्षधर थे, वे तिरंगा प्रेमी होने का नाटक कर रहे हैं। जिन लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा तक नहीं लिया वे राष्ट्रभक्त बन रहे हैं।
'पाकिस्तान मामले में पीएम जो भी कदम उठाएंगे, हम उनके साथ हैं'
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में अपराध नहीं बढ़ा है। मेरे रहते गलत काम नहीं हो सकता है। महा गठबंधन में कोई दरार नहीं है। जदयू वैकल्पिक सामाजिक और राजनीतिक एजेंडे से नई चुनौतियों का सामना करेगा। हमें अपना एजेंडा तय करना होगा। हमने लोहिया, अंबेडकर, गांधी और जेपी की नीतियों की बदौलत न्याय के साथ विकास के अभियान को आगे बढ़ाया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि पाकिस्तान के मामले में पीएम जो भी कदम उठाएंगे, हम उनके साथ हैं। नीतीश ने कहा कि लव लेटर नहीं, पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देना होगा। पूरा देश उनके साथ है। देश रहेगा तो अंदर हम लोग एक दूसरे से निपट लेंगे। ब्रिक्स सम्मेलन में पीएम मोदी ने पड़ोसी देश पर जो विचार रखे हैं, उसका हम सभी समर्थन करते हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वो देश की विविधता को बरकरार रखने वाली ताकतों को मजबूत करेंगे और पूरे देश में शराबबंदी का माहौल बनाएंगे। नीतीश ने कहा कि विरोध करने से बिहार में शराबबंदी खत्म नहीं किया जाएगा। नीतीश कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में शराबबंदी कर दिखाएं, तो उनका समर्थन करूंगा।
नीतीश ने आगे कहा कि शराबबंदी का पुराना कानून हाई कोर्ट से निरस्त हुआ, तो कुछ लोग खुशी मना रहे थे। उन्होंने कहा कि कानून में कुछ गलत है तो उसे बताइए, लेकिन विरोध करने से शराबबंदी खत्म नहीं होगा। जो कानून तोड़ेगा उस पर कार्रवाई होगी।
वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे संयोगवश मुख्यमंत्री बन गए। बाबूलाल अगर सत्ता में आए तो वहां भी शराबबंदी लागू करेंगे। नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का पद शरद जी के कहने पर संभाला है। कुमार ने कहा कि बिहार से बाहर पार्टी मुझे जहां बुलाएगी वहां मैं जाऊंगा, लेकिन बिहार के लिए काम करता रहूंगा।