बिहार: अमृत भारत एक्सप्रेस से चाइनीज लहसुन की 12 बोरियां जब्त, नेपाल के रास्ते तस्करी की आशंका
बगहा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने अमृत भारत एक्सप्रेस के साधारण कोच से चाइनीज लहसुन की 12 लावारिस बोरियां जब्त कीं। इनकी कीमत करीब 56 हजार रुपये है। नेपाल के रास्ते तस्करी की आशंका है। जांच जारी है।
विस्तार
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बगहा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के साधारण कोच से चाइनीज लहसुन की 12 बोरियां जब्त की हैं। जब्त लहसुन का बाजार मूल्य करीब 56 हजार रुपये बताया गया है। बोरियां लावारिस हालत में मिलीं। आरपीएफ को आशंका है कि लहसुन की खेप नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत लाई गई होगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त लहसुन को बेतिया कस्टम विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
साधारण कोच में लावारिस मिलीं बोरियां
आरपीएफ अधिकारियों को मंगलवार सुबह इस खेप के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर से मिली जानकारी के आधार पर बगहा आरपीएफ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बगहा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद विभिन्न डिब्बों की तलाशी ली।
इस दौरान ट्रेन के साधारण कोच में लावारिस हालत में रखी 12 बोरियां मिलीं। जांच करने पर उनमें चाइनीज लहसुन भरा हुआ पाया गया। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की। किसी भी यात्री ने बोरियों पर अपना दावा नहीं किया और न ही उनके बारे में कोई जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने लहसुन की पूरी खेप जब्त कर ली और आगे की जांच शुरू कर दी।
पढे़ं: पटना में एक बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े AISA-RYA के प्रदर्शनकारी; डाकबंगला चौराहे की ओर आवाजाही प्रभावित
नेपाल के रास्ते तस्करी की आशंका
आरपीएफ को आशंका है कि चाइनीज लहसुन को नेपाल के रास्ते भारतीय सीमा में लाया गया होगा। इसके बाद इसे रेल मार्ग से देश के दूसरे राज्यों की मंडियों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले तस्करी की आशंका की पुष्टि नहीं की गई है।
जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि लहसुन की बोरियां ट्रेन के साधारण कोच में कौन लेकर आया था और इन्हें किस स्टेशन पर उतारा जाना था। इसके अलावा, मामले में किसी संगठित तस्कर गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
कस्टम विभाग को सौंपी जाएगी खेप
बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि नरकटियागंज पोस्ट कमांडर से सूचना मिलने के बाद ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान साधारण कोच से लहसुन की 12 बोरियां बरामद हुईं। यात्रियों से पूछताछ के बावजूद किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया।
पोस्ट प्रभारी के अनुसार, जब्त लहसुन का कुल बाजार मूल्य करीब 56 हजार रुपये है। नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद लहसुन को बेतिया कस्टम विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।