बिहार: फोन पर गाली-गलौज के विवाद में खूनी वारदात! एक युवक की हत्या, दूसरा जिंदगी-मौत से जूझ रहा
भोजपुर के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने दो दोस्तों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में 26 वर्षीय ऋतिक कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त युवराज सिंह गंभीर रूप से घायल है।
विस्तार
भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली बांध के समीप गुरुवार शाम बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी हवलदार हरेंद्र सिंह के 26 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी युवक की पहचान दधोबहा थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव निवासी रामावतार सिंह के 22 वर्षीय पुत्र युवराज सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दोनों दोस्त बामपाली बांध के समीप मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे चार हथियारबंद बदमाशों ने दोनों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही ऋतिक कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, युवराज सिंह का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ऋतिक कुमार को चार गोलियां मारी थीं। इनमें से दो गोलियां सिर के पिछले हिस्से और दो पीठ में लगी थीं। वहीं, युवराज सिंह को भी दो गोलियां लगी हैं। एक गोली उसकी पीठ और दूसरी कमर के निचले हिस्से में लगी है।
आपसी विवाद में गोली मारने की आशंका
जख्मी युवराज सिंह के पिता रामावतार सिंह ने बताया कि किसी रिश्तेदार के लड़के के साथ फोन पर गाली-गलौज और विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दोनों युवकों को गोली मारे जाने की आशंका है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
ये भी पढ़ें- बिहार में खौफनाक वारदात! दो किशोरों की हत्या कर कुएं में फेंके शव, दो और की तलाश जारी
जांच में जुटी पुलिस की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ डीआईयू और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गजराजगंज थाना के एसआई प्रकाश कुमार ने बताया कि दो युवकों को गोली लगी है। इनमें से एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।