Bihar News: भागलपुर में मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली: दो लोगों की दर्दनाक मौत, तीन घायल
Bihar: लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवारों को यथाशीघ्र सहायता राशि दिए जाने की मांग की है।
विस्तार
रविवार की दोपहर भागलपुर जिले में मौसम की करवट ने कहर बरपाया। जिले के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलसकर घायल हो गए हैं। सभी घटनाएं कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र की बताई जा रही हैं।
खेत में काम कर रहे किसान की मौत
सन्हौला प्रखंड के बनियाडीह गांव निवासी रघुनंदन यादव (55 वर्ष) खेत में काम कर रहे थे। दोपहर में अचानक मौसम बदला और मूसलधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर रघुनंदन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण दौड़ते हुए खेत पहुंचे और शव को उठाकर घर लाए। रघुनंदन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची सन्हौला थाना पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर स्थिति का जायजा लिया।
नहाते समय किशोर की जान गई
कहलगांव प्रखंड अंतर्गत घोघा थाना क्षेत्र के जानीडीह कुलकुलिया गांव निवासी नीरज कुमार (16 वर्ष), पिता धनंजय मंडल, बारिश के दौरान घर के पास स्थित खेत में स्नान कर रहा था। तभी बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गया। नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। मां ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने भी शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
पढ़ें: शेखपुरा में फिल्मी अंदाज में शराब तस्करी का भंडाफोड़, पेट्रोल टैंकर से हो रही थी सप्लाई; दो गिरफ्तार
आकाशीय बिजली से तीन महिलाएं झुलसीं
इधर, घोघा प्रखंड के पक्कीसराय पंचायत की तीन युवतियां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। धर्मेंद्र मंडल की पत्नी नंदिनी देवी (19 वर्ष), गुड़िया कुमारी (16 वर्ष) और दीक्षा कुमारी (13 वर्ष) खेत में काम कर रही थीं। बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से तीनों झुलस गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवारों को यथाशीघ्र सहायता राशि दिए जाने की मांग की है।