बिहार: बिरयानी होटल में युवक की गोली मारकर हत्या, पैसों के विवाद में दोस्त ने की वारदात; आरोपी गिरफ्तार
बिहार के अररिया में जीरो माइल के पास स्थित एक बिरयानी होटल में खाना खाने के दौरान मंगल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी असगर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
विस्तार
बिहार के अररिया में शुक्रवार देर शाम एक बिरयानी होटल में हुई गोलीबारी की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। जीरो माइल के समीप स्थित आलम मुरादाबादी चिकन बिरयानी होटल में खाना खाने के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिकटिया निवासी मंगल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगल कुमार होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे असगर नामक युवक ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही मंगल कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
घायल मंगल कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेलवा निवासी असगर के रूप में हुई है। उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार: बाहुबली अनंत सिंह को विधानसभा से राहत, सदस्यता पर नोटिस का जवाब देने के लिए इस तारीख का वक्त
घटना के संबंध में अररिया एसडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक मंगल कुमार और आरोपी असगर दोनों दोस्त थे। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। आशंका है कि इसी रंजिश में मंगल कुमार को गोली मारी गई।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार, विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
