गिरिराज सिंह के 'इफ्तार' तंज पर ईद मनाकर फिर नीतीश कुमार ने किया हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईद पर भी बिहार की सियासत गर्म है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने ऊपर इफ्तार को लेकर की गई केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी भूल नहीं पा रहे हैं। गिरिराज पर नीतीश ने अपने कल के पलटवार को फिर एक बार आज हवा दे दी। ईद की नमाज अदा कर नीतीश ने फिर अपने ही बयान को दोहराते हुए कहा कि कुछ लोग मीडिया की सुर्खियों के लिए बयानबाजी करते हैं। इस बार नीतीश का निशाना सीधे भाजपा पर रहा। उन्होंने एक साथ उन सभी भाजपा नेताओं को कटघरे में लेते हुआ कहा कि इफ्तार पार्टियों पर भद्दी बात कहने वाले लोगों का कोई ईमान-धर्म नहीं है।
याद दिला दें कि कल गिरिराज सिहं ने नीतीश पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया था, ‘कितनी खूबसूरत तस्वीर होती अगर इतनी ही चाहत से नवरात्रि पर फलाहार का आयोजन होता और सुंदर सुंदर फोटो आते, अपने ही धर्म में हम क्यों पिछड़ जाते हैं और दिखावा करते रहते हैं।’
जदयू- लोजपा ने जताई थी आपत्ति
इस मामले में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि ये लोग इसलिए बोलते हैं ताकि आप लोग खबर बना सकें। उधर, लोजपा नेता चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा कि इस तरह के प्रश्न भारत की परंपरा पर अंगुली उठाते हैं। गिरिराज के बयान के बाद जदयू ने उन्हें मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति बताते हुए कहा था कि शायद प्रधानमंत्री का अपने ऐसे मंत्रियों पर नियंत्रण नहीं है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा सांसद चिराग पासवान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विवाद बढ़ता देख भाजपा अध्यक्ष शाह ने मंगलवार दोपहर बाद गिरिराज से फोन पर बात की और बयान को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा था कि भविष्य में ऐसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए।