खत्म होने वाला है टेस्ला की सबसे तेज ईवी का इंतजार: मस्क ने पोस्ट कर किया एलान, कब उठेगा नई रोडस्टर से पर्दा?
टेस्ला की सबसे तेज और हाइपर-इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों की उत्सुकता अब जल्द खत्म होने वाली है। कंपनी ने आखिरकार अपनी अगली पीढ़ी की रोडस्टर ईवी के अनावरण की तारीख का एलान कर दिया है। तो नई टेस्ला रोडस्टर कब अनवील होगी और इसमें क्या-क्या नए फीचर्स देखने को मिल सकते हैं? आइए जानते हैं पूरी जानकारी।
विस्तार
टेस्ला की सबसे चर्चित और लंबे समय से अटकी हुई कारों में शामिल नई पीढ़ी की रोडस्टर अब आखिरकार सामने आने वाली है। कंपनी ने एलान किया है कि नई टेस्ला रोडस्टर काे एक अक्तूबर 2026 को पेश किया जाएगा।
टेस्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Go for launch पोस्ट के साथ एक अक्तूबर की तारीख वाला फोटो शेयर किया। इसके बाद कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने भी पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा कि न्यू टेस्ला रोडस्टर अनवील 10.01।
यह अनावरण इसलिए खास है क्योंकि टेस्ला ने अगली पीढ़ी की रोडस्टर को पहली बार 2017 में दिखाया था। कंपनी ने तब इसकी डिलीवरी 2020 से शुरू करने की बात कही थी, लेकिन प्रोग्राम में बार-बार देरी होती रही।
New Tesla Roadster Unveil 10.01 https://t.co/9J3YPT25fm
— Elon Musk (@elonmusk) September 13, 2026
स्पेसएक्स थ्रस्टर्स वाला मॉडल भी हो सकता है पेश
- नई रोडस्टर के अनावरण के साथ ही सबसे ज्यादा चर्चा इसके संभावित स्पेसएक्स पैकेज को लेकर भी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इवेंट में एक सीमित संस्करण वाली रोडस्टर का प्रदर्शन किया जा सकता है, जिसमें स्पेसएक्स के साथ मिलकर विकसित किए गए कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगाए जा सकते हैं।
- रिपोर्ट के अनुसार इस खास मॉडल का प्रदर्शन स्पेसएक्स की मैकग्रेगर, टेक्सास स्थित टेस्ट फैसिलिटी में होने की उम्मीद है। हालांकि, थ्रस्टर्स और इस प्रदर्शन से जुड़ी पूरी जानकारी टेस्ला ने अभी सार्वजनिक नहीं की है।
- टेस्ला के टीजर में भी कार के पीछे से निकलती हुई कई थ्रस्ट जैसी आकृतियां दिखाई देती हैं, जिससे स्पेसएक्स टेक्नोलॉजी को लेकर अटकलें और तेज हुई हैं।
नई रोडस्टर में क्या-क्या बदल सकता है?
- नई रोडस्टर का प्रोग्राम अब सिर्फ एक तेज इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार तक सीमित नहीं रह गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, टेस्ला ने इसके डिजाइन और इंजीनियरिंग को काफी बदल दिया है।
- अब इसे कार्बन-फाइबर हाइपरकार के तौर पर विकसित किया जा रहा है। कंपनी ने पहले मॉडल एस प्लेड के कंपोनेंट्स पर आधारित एक वैकल्पिक रास्ते पर भी काम किया था, लेकिन बाद में उस दिशा को छोड़ दिया गया। यानी नई रोडस्टर का फोकस सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर नहीं, बल्कि हल्के वजन, एयरोडायनामिक्स और बेहद हाई परफॉर्मेंस पर भी हो सकता है।
2017 में किया था पहली बार खुलासा
- टेस्ला ने अगली पीढ़ी की रोडस्टर को नवंबर 2017 में पहली बार पेश किया था। उस समय कंपनी ने इसे अपनी पहली स्पोर्ट्स कार के हाई-परफॉर्मेंस उत्तराधिकारी के तौर पर पेश किया था।
- टेस्ला ने तब दावा किया था कि इसकी डिलीवरी 2020 में शुरू होगी। लेकिन तय समय पर कार बाजार में नहीं आ सकी और इसके बाद लॉन्च को कई बार आगे बढ़ाया गया। अब 1 अक्टूबर का अनावरण इस लंबे इंतजार के बाद एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
साइबरकैब के बाद रोडस्टर पर फोकस
- टेस्ला का रोडस्टर अनावरण ऐसे समय हो रहा है जब कंपनी ऑटोनॉमस ड्राइविंग पर भी तेजी से फोकस कर रही है। पिछले सप्ताह टेस्ला ने ऑस्टिन, टेक्सस के कुछ सीमित इलाकों में अपने दो-सीटर साइबरकैब की राइड शुरू की है।
- साइबरकैब में स्टीयरिंग व्हील और पेडल नहीं हैं। एलन मस्क ने इसे टेस्ला को ड्राइवरलेस वाहनों के क्षेत्र में बड़ी ताकत बनाने की रणनीति का अहम हिस्सा बताया है। ऐसे में रोडस्टर कंपनी के लिए एक अलग तरह का प्रोडक्ट है, जिसका मकसद हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक कारों में Tesla की तकनीकी क्षमता और ब्रांड इमेज को दिखाना है।
क्या रोडस्टर की डिलीवरी भी जल्द शुरू होगी?
- यहां एक अहम बात समझना जरूरी है कि पोस्ट में सिर्फ एक अक्तूबर को कार के अनावरण होने की बात कही गई है, न की इसकी डिलीवरी शुरू होने की।
- रिपोर्ट्स के अनुसार, मस्क पहले संकेत दे चुके हैं कि बड़े अनावरण के बाद भी रोडस्टर को उत्पादन में आने में 12 से 18 महीने लग सकते हैं। यानी अक्तूबर में कार सामने आने के बावजूद ग्राहकों तक इसकी डिलीवरी बाद में शुरू होने की संभावना है।