पैनोरामिक सनरूफ और सात साल की वारंटी: शुरू हुई नई रेनो डस्टर हाइब्रिड की डिलीवरी, कितनी है कीमत? जानें डिटेल्स
- शुरू हुई नई डस्टर हाइब्रिड की डिलीवरी।
- ARAI माइलेज 29 किमी प्रति लीटर है।
- 160 PS की संयुक्त पावर बताई जा रह है।
- बैटरी पर आठ साल की वारंटी है।
विस्तार
लंबे समय से इंतजार की जा रही रेनो डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 की डिलीवरी आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। कंपनी ने अपनी इस फ्लैगशिप एसयूवी को 17 अक्तूबर को लॉन्च किया था, जिसके ठीक तीन हफ्ते बाद छह नवंबर को हैदराबाद के एक ग्राहक को पहली कार डिलीवर की गई।
शानदार लुक्स, एडवांस्ड ई-टेक हाइब्रिड तकनीक और जबरदस्त माइलेज के साथ आई यह एसयूवी भारतीय सड़कों पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। आइए जानते हैं नई डस्टर हाइब्रिड की कीमत, वेरिएंट्स, माइलेज और सभी खूबियों के बारे में विस्तार से।
तीन वेरिएंट्स में मिलेगी नई डस्टर हाइब्रिड
रेनाे ने नई डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड को तीन वेरिएंट्स में पेश किया है। इनमें एवोल्यूशन, टेक्नो और इमोशन शामिल हैं। इनकी एक्स-शोरूम कीमत इस प्रकार है...
| वेरिएंट | एक्स-शोरूम कीमत |
|---|---|
| एवोल्यूशन | 16.99 लाख रुपये |
| टेक्नो | 18.99 लाख रुपये |
| इमोशन | 19.49 लाख रुपये |
कंपनी के अनुसार, ये कीमतें उन कारों पर लागू होंगी जिनकी डिलीवरी 31 दिसंबर तक हो जाएगी। ग्राहक 21 हजार रुपये की बुकिंग राशि देकर इसे बुक कर सकते हैं। वहीं, रेनो आर-पास (R-Pass) वाले ग्राहकों को डिलीवरी में प्राथमिकता दी जा सकती है।
पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर
- नई डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 में 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 kWh की लिथियम-आयन बैटरी मिलती है। इस पावरट्रेन का संयुक्त आउटपुट 160 PS है, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर 208 Nm का टॉर्क देती है।
- इसमें मल्टी-मोड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह एसयूवी 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 9.6 सेकंड में पकड़ सकती है।
- माइलेज की बात करें तो इस मामले में भी नई डस्टर हाइब्रिड को खास बनाया गया है। इसका ARAI प्रमाणित माइलेज 29 किमी प्रति लीटर है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार में 1,400 किमी से ज्यादा की रेंज दे सकती है।
- यह सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड तकनीक पर काम करती है। यानी इसकी बैटरी को चार्ज करने के लिए अलग से प्लग लगाकर बिजली देने की जरूरत नहीं होती। यह प्लग-इन हाइब्रिड कार नहीं है।
- कंपनी के अनुसार, आदर्श परिस्थितियों में यह एसयूवी शहर में अपनी कुल ड्राइविंग का 80 फीसदी हिस्सा इलेक्ट्रिक मोड में तय कर सकती है। इससे शहर के ट्रैफिक में पेट्रोल इंजन पर निर्भरता कम हो सकती है।
कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे?
- नई डस्टर हाइब्रिड में 212 मिमी का ग्राउंड क्लियरेंस दिया गया है। इसमें 18-इंच के व्हील्स मिलते हैं। फीचर्स की बात करें तो कुछ वेरिएंट्स में 10.1-इंच की टचस्क्रीन और 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।
- इसके अलावा पैनोरामिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। सुरक्षा के लिहाज से सभी वेरिएंट्स में छह एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं।
कितने साल की वारंटी?
रेनो नई डस्टर हाइब्रिड के साथ वाहन पर सात साल की वारंटी दे रही है। वहीं, इसकी बैटरी पर आठ साल या 1.6 लाख किलोमीटर तक की वारंटी मिलेगी। इससे ग्राहकों को लंबे समय तक बैटरी और वाहन की वारंटी का फायदा मिलेगा।
किनसे हाेगा मुकाबला?
भारतीय बाजार में नई रेनो डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड का मुकाबला मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, मारुति सुजुकी विक्टोरिस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हायराइडर के स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड वर्जन से होगा। इस सेगमेंट में डस्टर की 29 किमी प्रति लीटर की ARAI माइलेज और 160 PS की संयुक्त पावर इसे एक खास विकल्प बनाती है।