रुद्रपुर में महर्षि भगवान वाल्मीकि के प्रकटोत्सव को धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। 25 अक्तूबर को (कल)समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 26 अक्तूबर को नगर निगम स्थित मंदिर में सामूहिक हवन का आयोजन होगा। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष भी नगर निगम और निगम के कर्मचारियों के साथ पर्यावरण मित्रों ने मिलकर भगवान वाल्मीकि का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी व्यापक स्तर पर आयोजन किए जा रहे हैं। गांधी कॉलोनी, रामपुरा, भूत बंगला, खेड़ा सहित नगर निगम परिसर स्थित मंदिर को भव्य विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इन स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके। बताया कि शोभायात्रा के स्वागत के लिए नगर निगम के द्वार पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। यहां श्रद्धालुओं का स्वागत करने के साथ प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। इसके अगले दिन 26 अक्तूबर को नगर निगम मंदिर में सामूहिक हवन का आयोजन होगा, जिसमें सभी लोग सम्मिलित होकर भगवान वाल्मीकि का स्मरण करेंगे और उनके आदर्शों के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे।