फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: प्रदेश के 32 पीएमश्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ से अधिक की राशि जारी: सीएम

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सीमांत गांव नगला तराई में मॉडल प्राथमिक विद्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने 65.07 लाख की लागत से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में निर्मित मंच और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का उद्घाटन करना और बच्चों के बीच पहुंचना उनके लिए अत्यंत गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस विद्यालय में लगभग 70 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जहां उच्च स्तर पर पांच आधुनिक कक्ष तैयार किए गए हैं। इनमें विशेष रूप से विकसित स्टेम लैब की स्थापना की गई है, जहां बच्चे खेल-खेल में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग और गणित की बारीकियों को सीख सकेंगे। मुख्यमंत्री ने सीमांत गांवों को भारत का पहला गांव घोषित किए जाने का उल्लेख करते हुए यहां की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 32 पीएमश्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। कक्षा एक से 12 तक के 1,45,000 छात्र-छात्राओं को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए लगभग आठ करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए।मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक युग की मांग के अनुसार बच्चों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए 11वीं और 12वीं कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी टैबलेट उपलब्ध कराने का कार्य चल रहा है। राज्य के 87 माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल क्लास, 264 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 16 माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को सही मार्गदर्शन देने के लिए 152 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 8 से 10 तक के 16,000 से अधिक विद्यार्थियों को कोचिंग संस्थाओं के माध्यम से निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। साथ ही कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि आर्थिक तंगी किसी के सपनों के आड़े न आए। वहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य,ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ग्राम प्रधान देवेंद्र मेहरा, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, दिनेश राणा आदि थे। ---- थारू इंटर कॉलेज में डिजिटल लाइब्रेरी का काम पूरा खटीमा। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे ढांचागत विकास कार्यों के तहत पीएमश्री थारू राजकीय इंटर कॉलेज में तीन करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण और विद्यालय के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त, रुद्रपुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिला पुस्तकालय और खटीमा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे बेटियों की शिक्षा को और बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की खटीमा। मुख्यमंत्री धामी ने स्कूली बच्चों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट व उपहार वितरित किए और उनके शारीरिक विकास के लिए स्थापित झूलों पर स्वयं बच्चों को झूला झुलाया। मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चे और ग्रामीण अत्यधिक उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट क्लास व प्रयोगशाला का निरीक्षण किया । मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को संघर्षों से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि इतिहास रचने वाले लोग अक्सर सामान्य और अभावों भरी परिस्थितियों से उठकर आसमान छूते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानकर उनके मार्गदर्शन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं, क्योंकि एक समर्पित शिक्षक ही किसी छात्र-छात्रा के जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है। संवाद --- बागवानी और कृषि में अपार संभावनाएं खटीमा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में बागवानी, कृषि, महिला सशक्तिकरण, नौजवानों के स्टार्टअप, रोजगार और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विकास की अपार संभावनाएं हैं। इसके साथ ही उन्होंने मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भी संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें