फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीडियो: राजेश हत्याकांड में पांच हमलावरों के शामिल होने का आरोप, कोतवाली घेरी

रुद्रपुर शहर में राजेश कोली हत्याकांड में तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्याकांड में पांच लोगों के शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने एसएसआई महेश कांडपाल से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 30 अक्तूबर की रात करीब 12 बजे रंपुरा निवासी राजेश कोली घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आई जिसके बाद वह अपने दोस्त के साथ बाइक से रोडवेज की ओर चला गया। आरोप है कि वहां सफेद रंग की कार में पांच लोग सवार थे। उन्होंने जानबूझकर बाइक को टक्कर मारी और विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद राजेश को बेरहमी से पीटा गया जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि वारदात में पांच लोग शामिल थे लेकिन पुलिस ने अब तक केवल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। परिजनों का यह भी दावा है कि हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त सत्ताधारी दल के नेता का बेटा है। इसी कारण शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि हत्याकांड में शामिल सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शेष आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वह समर्थकों के साथ कोतवाली में धरना देंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले में तहरीर के आधार पर तीनों अभियुक्तों पर प्राथमिकी दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। परिवार के लगाए गए आरोपों की जांच भी की जाएगी। - विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें