जिला मुख्यालय नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर कई दिनों से चल रहे आंदोलन के तहत संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को भेजे। पत्रों में न ई टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने की मांग की गई है। आंदोलन स्थल गणेश चौक बौराड़ी में मंगलवार को लोग पहुंचे। इस दौरान युवाओं ने खून निकालकर मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखे। आंदोलनकारियों का कहना हैं कि टिहरी ने देश को बिजली देने के लिए अपने घर-खेत और शहर तक का बलिदान दिया है, लेकिन जिले में अब तक मेडिकल कॉलेज की सुविधा नहीं मिल पाई है। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए ऋषिकेश और देहरादून जाना पड़ता है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि स्याही से लिखे पत्रों के बाद अब युवाओं ने अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र भेजे हैं। टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनना जिले की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन में सहयोग जारी रहेगा।