लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घनसाली-टिहरी मोटर मार्ग SH-74 पर पिलखी के पास भारी भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क बाधित होने से सैकड़ों वाहन घंटों से जाम में फंसे हुए हैं। यात्री और वाहन चालक मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है, जिससे राहगीरों में भी दहशत का माहौल है। राहगीर सोहन सिंह राणा ने बताया कि पिलखी में भारी भूस्खलन के चलते मोटर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं और लोग घंटों से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी मार्गों पर जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन और विभागीय टीमों द्वारा प्रभावित मार्गों को खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन मौके के लिए रवाना कर दी है। विभाग की टीम सड़क पर आए मलबे को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी है। लोक निर्माण विभाग घनसाली के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार राठौर ने बताया कि पिलखी में मार्ग बाधित होने की सूचना मिली है। इसके बाद जेसीबी मशीन भेज दी गई है। जल्द ही मलबा हटाकर मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा और यातायात की आवाजाही सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है।