ऊखीमठ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की और अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उच्चीकरण से संबंधित सभी पत्रावलियां शासन स्तर पर पूरी कर ली गई हैं और एक माह के भीतर शासनादेश जारी हो जाएगा। विधायक ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय से भी आंदोलनकारियों की फोन पर वार्ता कराई। स्वास्थ्य सचिव ने 15 दिन में शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया। हालांकि, आंदोलनकारियों ने शासनादेश जारी होने तक क्रमिक अनशन जारी रखने की बात कहते हुए अनशन समाप्त करने से इनकार कर दिया।