प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं देवप्रयाग के पूर्व विधायक मंत्री प्रसाद नैथानी ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी कर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है और सरकार शिक्षा, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। श्रीनगर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नैथानी ने कहा कि प्रदेश में लगातार सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, जबकि सरकार शराब की दुकानें खोलकर युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के भू-कानून को भी लंगड़ा कानून बताते हुए कहा कि यह कानून जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता। आरोप लगाया कि पीएमजीएसवाई समेत विभिन्न विभागों में ई-टेंडरिंग के माध्यम से बाहरी लोगों को काम दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने घस्यारी योजना और प्रदेश सरकार की हाल ही में शुरू की गई बेणी भूली योजना पर भी सवाल उठाए। नैथानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और लोगों को भय के माहौल में रहने को मजबूर किया जा रहा है।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस बार 50 सीटें जीतेगी। देवप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, लेकिन वह हर हाल में देवप्रयाग से ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों और क्षेत्र के स्थानीय लोगों की भी यही इच्छा है।