कालाढूंगी के नैनीताल मुख्य चौराहे पर शनिवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नैनीताल जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को कालाढूंगी से नैनीताल की ओर भेजने के बजाय हल्द्वानी मार्ग से जाने की सलाह दी गई। इसके चलते नैनीताल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी कम हो गई और सड़क पर सन्नाटा नजर आया। वहीं, चेकिंग और वाहनों के रूट डायवर्जन के कारण हल्द्वानी तथा रामनगर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक भी फंस गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी वाहनों की जांच करते नजर आए। मुख्य चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन में कालाढूंगी से नैनीताल जाने वाले मार्ग पर यातायात का दबाव पहले ही बढ़ जाता है, ऐसे में चेकिंग के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और प्रभावी यातायात प्रबंधन की जरूरत है।