चंपावत। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर स्नेह की राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को जीवनभर उनकी रक्षा करने का वचन दिया। रक्षाबंधन पर जिलेभर में दिनभर भाई-बहनों का एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बहनें भी राखी बांधने के लिए मायके पहुंचीं। कई स्थानों पर बहनों के समय पर घर नहीं पहुंचने पर भाई बेसब्री से उनका इंतजार करते नजर आए। बहनों के पहुंचते ही भाइयों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शुभ मुहूर्त में बहनों ने व्रत रखकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए और उनकी हर सुख-दुख में साथ देने तथा रक्षा करने का वचन दोहराया।