चंपावत जिले में पुलिस ने कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाले एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) को नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। शुक्रवार को थानाध्यक्ष बनबसा विनय मित्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खटीमा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ग्राम महोलिया, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी विक्रम सिंह (35) के कब्जे से 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया। पुलिस ने औषधि निरीक्षक चंपावत को मौके पर बरामद दवाओं की तकनीकी जांच एवं पहचान कराया। औषधि निरीक्षक की पुष्टि के आधार पर आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज किया है। संवाद