लोहाघाट। रामलीला मैदान लोहाघाट में हुई कांग्रेस की विशाल जनसभा के बाद कांग्रेस नेताओं में काफी जोश है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस की बुधवार को हुई जनसभा ऐतिहासिक रही। जिसमें मंच से कांग्रेस नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया है। विधायक अधिकारी ने मोहन सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक के साथ विवाद के बारे में कहा कि चार साल के कार्यकाल के दौरान इस प्रकार की अभद्रता उन्होंने कहीं नहीं देखी। जो व्यक्ति विधायक के साथ गाली गलौज कर सकता और अगर वह किसी क्षेत्र का ग्राम प्रधान बन जाए तो वह जनता का भला कैसे करेगा। विधायक ने बताया कि जनसभा के बाद उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने यह भी कहा कि मुन्ना ढेक क्या है। कहा कि अगर किसी पद पर होता तो उसे निष्कासित भी किया जा सकता था, लेकिन वह किसी भी पद पर नहीं है। विधायक ने जनसभा में आई भीड़ के बारे में कहा कि जनता जानती है कि भीड़ किसने जुटाई थी। अगर लोग कहते हैं कि मुन्ना ढेक भी भीड़ को लाए थे तो अच्छी बात है। इसमें कांग्रेस का ही प्रचार होना था। जहां जिलाध्यक्ष को कुर्सी न देने वाली बात है तो पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने तीन बार उन्हें बैठने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं बैठे। हालांकि मंच से उन्होंने जिलाध्यक्ष समेत मुन्ना ढेक का नाम भी आदरपूर्वक लिया।