चंपावत। चंपावत बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति के सभागार में सहकारिता विभाग के वृहद किसान ऋण वितरण मेले का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, अति विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडे, कूमांर्चल बैंक निदेशक विकास साह, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों को 70 लाख के चेक बांटे गए। बृहस्पतिवार को समिति अध्यक्ष मंजू साह की अध्यक्षता और सचिव महेश सिंह बोहरा के संचालन में मेला हुआ। सहकारिता विभाग के सुभाष गहतोड़ी ने विभागीय योजनाओं दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना, मिलेट मिशन योजना, जन औषधि केंद्र, जन सुविधा केंद्र, माधव सिंह भंडारी योजना, मुर्गी पालन योजना एवं अन्य भंडार आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।