बेस अस्पताल संघर्ष समिति सिमली के तत्वावधान में, महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा देने के लिए शासन द्वारा गठित समिति के साथ एक आपसी समन्वय बैठक आयोजित की गई। सिमली में आयोजित इस बैठक में विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि 14 नवंबर को गौचर मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने की पहल की थी। इसी क्रम में संघर्ष समिति से विचार-विमर्श कर अस्पताल के उच्चीकरण का एकमत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत ने संघर्ष समिति की मांग को न्यायसंगत बताते हुए जनहित में पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया। वहीं, बेस अस्पताल संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि महिला बेस अस्पताल सिमली को पूर्ण बेस अस्पताल बनाने और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव केंद्र को भेजने का शासनादेश (जीओ) एक सप्ताह में जारी होने पर ही वार्ता सकारात्मक मानी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि न्यायोचित मांगों के निराकरण तक धरना और जन अधिकार हस्ताक्षर अभियान जारी रहेगा।