भाजपा नेता मनीष खंडूड़ी ने बृहस्पतिवार को यहां पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा ही देश और प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास देश को एकजुट रखने और विकास का कोई ठोस ब्लूप्रिंट नहीं है, जिसके कारण वह पूरे देश में सिमटती जा रही है। खंडूड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र की ''वीबी राम जी'' और राज्य की ''बैणी भूली'' जैसी योजनाएं ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने मजबूत संगठन के दम पर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। स्वास्थ्य और सड़कों पर सुधार की जरूरत स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने हर अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती की है। गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाकर ढांचागत विकास तेज किया गया है। चारधाम ऑल वेदर रोड, रेलवे परियोजना और अग्निवीरों को राजकीय सेवा में आरक्षण देना सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।