कर्णप्रयाग। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजस्तरीय गौचर मेले को इस बार सोशल मीडिया पर भी दिखाया जाएगा। देश-विदेश में बैठे प्रवासी भारतीय यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों से मेले को देख सकेंगे। मंगलवार को गौचर नगर पालिका सभागार में मेले की 21 समितियों का पुनर्गठन किया गया। उपजिलाधिकारी और मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने बताया, गौचर मेले का सोशल मीडिया खाता बनाया गया है। इससे मेले की पहचान राज्यस्तर से राष्ट्रीय और विश्व स्तर तक पहुंचेगी। विधायक अनिल नौटियाल ने समितियों से मेले को भव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम करने को कहा। बैठक में नपा अध्यक्ष संदीप नेगी, सुनील पंवार, विजय डिमरी और प्रमुख दीपिका मैखुरी ने सुझाव दिए। इस अवसर पर तहसीलदार सुधा डोभाल, क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा और थाना प्रभारी विनोद थपलियाल सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।