सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली जिले के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर स्थित कंचन ज्वेलर्स में गुरुवार शाम चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में काम कर रहे कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मारने के साथ ही उसके सिर पर बंदूक के बट से हमला किया। इसके बाद कर्मचारी के अचेत होने का फायदा उठाकर बदमाश शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार शाम करीब 6 बजे चार बदमाश हथियारों के साथ ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को धमकाया और दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा पर गोली चला दी। गोली उसके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उसके सिर पर बंदूक से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर अचेत हो गया। घटना से दुकान में मौजूद लोग सहम गए।