श्रावस्ती: गांव के खस्ताहाल रास्ते को सही करवाने की मांग को लेकर मंगलवार को मल्हीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा निवासी राम प्रकाश वर्मा(26) पानी की टंकी पर चढ़ गए। पुलिस के अथक प्रयास के बाद राम प्रकाश टंकी से नीचे उतरे। पुलिस ने राम प्रकाश के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। हाथ में तिरंगा झंडा लेकर पानी की टंकी पर चढ़े शिकारी चौड़ा निवासी राम प्रकाश वर्मा(26) ने बताया कि उनके गांव में घर जाने वाला रास्ता बेहद खराब है। गांव के रास्ते के खस्ताहाल होने से उन सभी का आवागमन प्रभावित हो रहा है। रास्ता सही करवाने के लिए कई बार जिम्मेदारों से मांग की गई लेकिन जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसके चलते उन्होंने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर टंकी पर चढ़ने व जिम्मेदारों तक अपनी बात पहुंचाने का निर्णय लिया। राम प्रकाश के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझा कर उन्हें नीचे उतरवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।