हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद शनिवार को रालोद का प्रतिनिधिमंडल बंतीखेड़ा गांव पहुंचा और उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार घटना को लेकर गंभीर है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने में जुटी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी मामले को लेकर गंभीर हैं और जल्द कार्रवाई की उम्मीद है। इस दौरान अंकित के पिता सतबीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सामने तीन मांगें रखीं। उन्होंने गांव के हाईस्कूल को इंटर कॉलेज का दर्जा दिलाकर अंकित के नाम पर करने, गांव में अंकित के नाम से स्मारक बनवाने और उनके नाम पर खेल मैदान बनवाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने सरकार स्तर से तीनों मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री योगराज सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष तिरसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाध्यक्ष वाजिद अली, प्रदेश महासचिव अनवर चौधरी, हरेंद्र ताना, योगेंद्र चेयरमैन, पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस, विधायक अशरफ अली के पुत्र शायान खान, राजन जावला, सुनील मलिक आदि मौजूद रहे। अंकित बालियान के घर पहुंचे सांसद, परिजनों को बंधाया ढांढस सांसद हरेंद्र मलिक गांव बंतीखेड़ा स्थित अंकित के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। हरेंद्र मलिक ने कहा कि अंकित युवा और प्रतिभाशाली कलाकार थे। उनका असमय निधन बेहद पीड़ादायक और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।