गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस के हाथ एक और अहम सुराग लगा है। हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे करनाल के शूटर सत्यम और आर्यन ने वारदात से करीब एक घंटे पहले करनाल में सिम खरीदा था। बताया जा रहा है कि इसी सिम का इस्तेमाल दोनों ने वारदात से पहले और घटना के दौरान एक-दूसरे से संपर्क करने के लिए किया। दोनों के करनाल में सिम खरीदने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों की गतिविधियों और सिम की कॉल डिटेल की जांच कर रही है। कॉल डिटेल से जोड़ रही वारदात की कड़ी पुलिस सिम की कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों संदिग्ध शूटरों की आवाजाही का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सिम खरीदने के बाद दोनों ने किन नंबरों पर संपर्क किया। पुलिस को उम्मीद है कि इससे वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ी जोड़ने में मदद मिलेगी। जल्द खुलासे का दावा पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करेगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।