चंदौसी/गुन्नौर/जुनावई/बबराला। छोटी दिवाली पर शनिवार को बाजारों में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दीपावली की तैयारियों को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक छा गई। लोगों ने घरों को सजाने के लिए मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, रंग-बिरंगी झालरें और सजावटी सामान की जमकर खरीदारी की। त्योहार के चलते देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। चंदौसी के बड़ा बाजार, घंटाघर, ब्रह्म बाजार, सीता रोड, मुरादाबाद गेट समेत मुख्य बाजारों में सुबह से देर रात तक लोगों की चहल पहल रही। वहीं गुन्नौर के जुलेपुरा मोहल्ला, सदर बाजार और तहसील रोड पर दुकानों पर सुबह से ही खरीदार पहुंचने लगे। मिट्टी के दीये और मोमबत्तियों के साथ घरों को रोशनी से सजाने के लिए रंग-बिरंगी विद्युत झालरों की खूब बिक्री हुई। लोगों ने दीपावली पूजन के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा की थाली और अन्य सामग्री भी खरीदी। पटाखों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। परिवार के साथ बाजार पहुंचे लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी की। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया। पुलिसकर्मी लगातार बाजारों में गश्त करते रहे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बनाए रखी, जिससे खरीदारी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।