रामपुर। जनगणना के लिए अब प्रगणक के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा। परिवार और मकान से जुड़ी 40 सवालों की जानकारी लोग खुद घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। सोमवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जिले के लोगों से भी 30 नवंबर तक स्व-गणना करने की अपील की। जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का अभियान चलेगा। इसके लिए पोर्टल पर जाकर अपनी सुविधानुसार भाषा चुन सकते हैं। परिवार और मकान से संबंधित 40 सवालों के जवाब भरने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक पहचान संख्या मिलेगी। इसे संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह संख्या उपलब्ध करानी होगी। डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े ही विकास योजनाओं और सरकारी सुविधाओं के वितरण का आधार बनते हैं। इसलिए जानकारी दर्ज करते समय कोई सदस्य छूटना नहीं चाहिए। घर में रहने वाले किरायेदारों और अन्य सदस्यों का विवरण भी शामिल करें। एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। वे परिवारों से जानकारी लेकर स्व-गणना के विवरण का सत्यापन करेंगे। डीएम ने लोगों से खुद ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने और आसपास के परिवारों को भी जागरूक करने की अपील की।