ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी के अरखा ऐश पॉन्ड के बांध में सोमवार की शाम करसेनी गांव की ओर रिसाव हो गया। रात लगभग 8 बजे पानी के साथ राख गांव के अंदर पहुंची तो गांव वालों को इसकी जानकारी हुई। राख लोगों के घरों में व खेतों में भर रही है। यह देख लोग आक्रोशित हो गए और ऐश पांड पर हंगामा शुरू कर दिया। एनटीपीसी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बांध के रिसाव को दुरुस्त कराने का काम शुरू किया। एनटीपीसी में कोयले और पानी से बिजली बनाई जाती है। यूनिट से निकलने वाली राख को पाइपलाइन से पानी के साथ अरखा गांव में बने ऐश पॉन्ड भेजा जाता है। राख को इकट्ठा करने के लिए पॉन्ड में ऊंचा बांध बनाया गया। सोमवार की शाम पॉन्ड में रिसाव हो गया। उस समय किसी को इसकी भनक नहीं लगी। राख जब गांव पहुंची और घरों में भरने लगी तो लोगों में अफरातफरी मच गया। गांव के लोग बांध पर पहुंचे और उसे बांधने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नही मिली। इससे लोग नाराज हो गए और एनटीपीसी पर बांध की मरम्मत न कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गांव के सुंदर लाल, राम निहोर, नवरंगी लाल तिवारी, शीला, राम नरेश ने बताया का रिसाव के चलते घरों व खेतों में पानी के साथ राख भर गई है। ऐश पांड के बांध की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे रिसाव हो गया। वहीं परियोजना के मानव संसाधन प्रमुख पंकज अरोरा ने बताया कि बांध की मरम्मत कराई जाती है लेकिन बारिश के चलते रिसाव हुआ है जिसे ठीक कराया जा रहा है।