रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र के बेनीकामा गांव स्थित कल्हेश्वर शिव मंदिर में बृहस्पतिवार रात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर टंगे 20 पीतल के घंटे चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह मंदिर का ताला टूटा और घंटे गायब मिलने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। मंदिर की पुजारिन रामपति ने बताया कि शाम को पूजा करने के बाद मंदिर में ताला बंद कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह मंदिर पहुंचने पर ताला टूटा मिला और अंदर लोहे के छड़ में टंगे 20 पीतल के घंटे गायब थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना पर जगतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।