रंग-बिरंगी रोशनी से नहाए घाट, सूप में फल, फूल सहित पूजा का अन्य सामान, अस्ताचलगामी सूर्य को कमर भर पानी में खड़े होकर अर्घ्य देती व्रती महिलाएं, उनकी नाक से मांग तक सजा सिंदूर और छठ माई के गीतों की गूंज। यह अलौकिक नजारा रविवार को छठ पूजा के दौरान जिले में नदी के घाटों व तालाबों के किनारे दिखा। घाटों पर आस्था, विश्वास व परंपरा की त्रिवेणी बह उठी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु व आरोग्य की कामना की। इस दौरान महिलाएं सुनिहा अरज छठी मइया, बढ़े कुल परिवार कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए, नारियल केरवा घोउदवा, साजल नदिया किनार, बढ़े कुल परिवार आदि गीत गाती दिखीं। व्रती महिलाएं सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी