रायबरेली: जिले की 1.49 लाख बुजुर्ग महिलाओं को बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रक्षाबंधन पर बड़ा तोहफा मिला। रोडवेज की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना लांच की है। अब ये महिलाएं यूपी में कहीं भी रोडवेज की बसों से मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुधवार को रतापुर स्थित सामुदायिक केंद्र में देखा गया। कार्यक्रम में उद्यान मंत्री दिनेश सिंह ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों और महिला कल्याण विभाग की पात्र बच्चियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का प्रमाणपत्र दिया। स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को 1400 रुपये के डमी चेक भी दी। लाभार्थियों को साड़ी व मिष्ठान भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना वरिष्ठ महिलाओं के लिए जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष व उससे अधिक आयु की माताओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें आवागमन में सुविधा होगी। कार्यक्रम में सलोन विधायक अशोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी,सीडीओ अंजूलता, डीडीओ वर्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।