पीलीभीत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार को जुलूस-ए-गौसिया शानो-शौकत और अकीदत के साथ निकाला गया। मोहल्ला भूरे खां स्थित दरगाह आस्तान-ए-हशमतिया से सुबह 11 बजे शुरू हुआ जुलूस निर्धारित मार्गों से होता हुआ वापस दरगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में हजारों अकीदतमंद शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।
पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नौ स्थानों पर बैरीकेडिंग कर प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी गई। जुलूस पंजाबीआन चौराहा फीलखाना, धुनो वाला चौराहा, मदीना शाह, लाल रोड, शाहजी मियां की मजार और छोटी मार्केट समेत अन्य स्थानों से होकर गुजरेगा।
जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने संभाली है। जुलूस में दरगाह के सज्जादानशीन मौलाना जरताब रजा खां, मुफ्ती बुरहान रजा खां, हाफिज इसरार अहमद अशरफी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।