जिला अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में पिछले पांच दिन से बेड की यही स्थिति बनी हुई है। बुखार, वायरल संक्रमण और अन्य बीमारियों के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से उपलब्ध बेड कम पड़ गए हैं। स्थिति यह है कि एक ही बेड पर दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जिला अस्पताल में 220 बेड स्वीकृत हैं, जबकि मरीजों की जरूरत को देखते हुए 276 बेड संचालित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद मंगलवार को भर्ती मरीजों की संख्या 280 से अधिक पहुंच गई। वहीं स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आरक्षित 10 में से नौ बेड खाली हैं इसलिए अस्पताल में 13 बेड पर दो-दो मरीज भर्ती हैं। ऐसे में नए मरीजों के लिए बेड उपलब्ध कराना अस्पताल के सामने चुनौती बना हुआ है।