मेरठ में सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर आयोजित 7-ए-साइड हॉकी लीग प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबला एसडी सदर और डीएवी हायर सेकेंडरी स्कूल सदर की टीमों के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में एसडी सदर ने डीएवी सदर को 4-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। एसडी सदर की ओर से नवनीत सैनी ने 10वें मिनट, मयंक त्यागी ने 21वें मिनट, नैतिक ने 26वें मिनट और वंश सिंघल ने 38वें मिनट में गोल किया। वहीं, डीएवी सदर की ओर से सुभान और निशांत ने एक-एक गोल किया। प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग और कोच जोगिंदर सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। कोच जोगिंदर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक खेल का अनुभव देना है। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र पिथोरिया और राजू कुमार मौजूद रहे। मैच में लक्की शर्मा और अर्पित शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।