मेरठ। विजयादशमी के पावन अवसर पर गुड़ मंडी स्थित श्री शिव मंदिर रामलीला कमेटी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री श्री दिनेश खटीक मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह को संबोधित किया और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक पर्व विजयादशमी की बधाई दी। संबोधन के दौरान मंत्री दिनेश खटीक ने स्थानीय लोगों और रामलीला कमेटी के आग्रह पर मंदिर विकास को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि समिति के अध्यक्ष और उनके छोटे भाई सौरभ शर्मा (जो भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष भी हैं) ने उन्हें बताया कि सामने स्थित शिव मंदिर में लगभग 4 से 5 लाख रुपये के विकास कार्य होने हैं। इस पर राज्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि मंदिर के अंदर जो भी कार्य होगा, उसे वे अपनी तरफ से पूर्ण रूप से पूरा कराएंगे। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विजयादशमी का पर्व केवल देश के अंदर ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में सनातन धर्म को मानने वाले और भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलने वाले लोगों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आशीर्वाद से उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थित जनता, कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।